Haryana Vidhansabha Election 2024 Result : इस बार रेवाड़ी विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक चिरंजीव राव हार गए। चिरंजीव अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के लक्ष्मण सिंह यादव से 25 हजार से ज्यादा वोटों से हार गए। उनके पिता कभी रेवाड़ी सीट के बादशाह माने जाते थे। लेकिन इस दफे उनके बेटे की हार का झटका सीधे बिहार में लगा है।
बिहार में पार्टी के मुखिया को हार का सामना करना पड़ा है, लेकिन 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने हैं। आरजेडी के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने इस चुनाव का सपना देखा था। लेकिन, वह सपना टूट गया। हम आपको 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों के बारे में बताते हैं, ताकि पूरी कहानी समझ में आए। इन नतीजों के साथ बीजेपी ने हैट्रिक लगाई, जबकि कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा।
रेवाड़ी से दिग्गज कांग्रेसी नेता के बेटे चिरंजीव राव चुनाव हारे
दरअसल, 2019 तक रेवाड़ी सीट पर कांग्रेस के कैप्टन अजयदय सिंह यादव जीतते थे। कैप्टन अजय सिंह यादव 1991 से 2014 तक रेवाड़ी के विधायक चुने जाते थे। 2019 में उन्होंने ये सीट अपने बेटे के लिए मांग ली। 2019 में उनके बेटे चिरंजीव राव चुनाव जीते। इसके बाद वो 2024 विधानसभा चुनाव में भी रेवाड़ी सीट से उतरे। हालांकि, उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के लक्ष्मण सिंह यादव ने उन्हें 25,000 से अधिक मतों के अंतर से हरा दिया।
डेप्युटी CM पद पर की थी दावेदारी
उत्साह में चिरंजीव ने अपने वोटरों से ये भी कहा था कि अगर वो विधानसभा चुनाव जीते तो रेवाड़ी को डेप्युटी सीएम का तोहफा देंगे। सीधे शब्दों में कहें तो उन्होंने हरियाणा के उपमुख्यमंत्री पद पर दावा पेश कर दिया था। एग्जिट पोल और उसके बाद सुबह गिनती की शुरुआत में कांग्रेस को ऐसा लगा कि वो इस बार हरियाणा की सत्ता पर काबिज होने जा रही है। लेकिन चंद घंटों में न सिर्फ कांग्रेस का नतीजा पलट गया बल्कि खुद उसके कैंडिडेट चिंरजीव राव का भी।
लालू यादव का सपना क्यों टूटा?
2019 के चुनाव में चिरंजीव ने भाजपा के सुनील कुमार को 1,317 मतों से हराया था। इस बार चिरंजीव राव के लिए अशोक गहलोत, सचिन पायलट, और दीपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने प्रचार किया था। चुनाव से पहले ही चिरंजीव का एक बयान काफी चर्चा में आ गया था। उन्होंने कहा था कि अगर वो जीते तो रेवाड़ी को डेप्युटी CM की कुर्सी का तोहफा लाकर देंगे। अब सवाल ये कि इससे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का सपना कैसे टूट गया?
तो जवाब ये है कि कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व विधायक चिरंजीव राव की शादी अनुष्का यादव से हुई है। अनुष्का यादव और कोई नहीं बल्कि खुद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की छठी बेटी हैं। ऐसे में लालू प्रसाद यादव को उम्मीद थी कि चिरंजीव चुनाव जीत जाएंगे। लेकिन हुआ उल्टा, उन्हें हार नसीब हुई और लालू प्रसाद यादव (Lalu prashad yadav) का दामाद के लिए सोचा हुआ सपना टूट गया।