India Maritime Week 2025: समुद्र से समृद्धि तक का सफर! इंडिया मैरिटाइम वीक 2025 में बोले पीएम मोदी – भारत बनेगा ब्लू इकोनॉमी का वैश्विक केंद्र

India Maritime Week 2025: मुंबई में आयोजित इंडिया मैरिटाइम वीक-2025 में शामिल होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के समुद्री क्षेत्र की उपलब्धियों पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि भारत ने बीते एक दशक में इस क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन किया है। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार के प्रयासों से बंदरगाहों के आधुनिकीकरण, समुद्री अवसंरचना और निवेश माहौल में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
वैश्विक निवेशकों को भारत में निवेश का निमंत्रण
कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री ने अपने लिंक्डइन अकाउंट पर लिखा – ‘मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि भारत के बंदरगाह निवेश के लिए आदर्श हैं। हमारे पास लंबी तटीय रेखा, रणनीतिक व्यापार मार्ग, विश्वस्तरीय बंदरगाह और ब्लू इकोनॉमी के विकास के लिए महत्वाकांक्षी दृष्टिकोण है।’
उन्होंने वैश्विक निवेशकों से भारत के समुद्री क्षेत्र में निवेश का आह्वान करते हुए कहा कि यहां नवाचार, बुनियादी ढांचा और युवा शक्ति – तीनों मिलकर विकास की नई दिशा तय कर रहे हैं।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
मुंबई – समुद्री गौरव का प्रतीक
पीएम मोदी ने लिखा कि मुंबई का भारत की समुद्री पहचान से गहरा रिश्ता है। छत्रपति शिवाजी महाराज के समय से यह क्षेत्र समुद्री शक्ति का प्रतीक रहा है। आज मुंबई न केवल एक ऐतिहासिक बंदरगाह शहर है, बल्कि भारत के सबसे बड़े व्यापारिक और औद्योगिक केंद्रों में से एक बन चुका है।
सुधारों से आया क्रांतिकारी बदलाव
प्रधानमंत्री ने लिखा कि जब उनकी सरकार ने एक दशक पहले कार्यभार संभाला था, तब भारत का समुद्री क्षेत्र पुराने कानूनों और सीमित क्षमताओं से जकड़ा हुआ था। लेकिन आज यह क्षेत्र आधुनिक तकनीक, वैश्विक भरोसे और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बन चुका है। बुनियादी ढांचे, सुधारों और जनभागीदारी पर केंद्रित नीतियों ने इस क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
आंकड़ों में दिखी प्रगति की कहानी
पीएम मोदी ने बताया कि भारत की बंदरगाह क्षमता 1,400 एमएमटीपीए से बढ़कर 2,762 एमएमटीपीए हो गई है।
कार्गो हैंडलिंग 972 एमएमटी से बढ़कर 1,594 एमएमटी हुई है, जबकि भारतीय ध्वज वाले जहाजों की संख्या 1,205 से बढ़कर 1,549 तक पहुंची है। बेड़े का सकल टन भार भी 10 मिलियन टन से बढ़कर 13.52 मिलियन टन हो गया है।
भारत का लक्ष्य – वैश्विक समुद्री नेतृत्व
पीएम मोदी ने कहा कि इन सुधारों ने भारत को ब्लू इकोनॉमी में अग्रणी राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर किया है। आने वाले वर्षों में भारत न केवल एशिया, बल्कि पूरी दुनिया के लिए समुद्री व्यापार और नवाचार का केंद्र बनने की ओर बढ़ रहा है।

