UP News: नगर निगम में आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन को डिप्टी सीएम ने किया संबोधित
UP Deputy CM Brajesh Pathak: भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी राजनीति के अजातशत्रु थे। उनका कोई राजनीतिक दुश्मन नहीं था। वे हर दिल में बसते थे और लखनऊ से उनका आत्मीय रिश्ता था। यह बातें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कही। डिप्टी सीएम शनिवार को नगर निगम के प्रेक्षागृह में आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी समारोह के अंतर्गत आयोजित किया गया था।
Also Read: 250 बसों से 24 घंटे सेवा तक…माघ मेला 2026 की तैयारी में क्या है खास?
लखनऊ से अटल जी का था पारिवारिक रिश्ता
ब्रजेश पाठक ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी लखनऊवासियों के लिए सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि परिवार के अभिभावक थे। लखनऊ के घर-घर से उनका सीधा नाता था और आज भी उनकी स्मृतियां हर नागरिक के मानस पटल पर अंकित हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति और सामाजिक जीवन में अटल जी ने जो ऊंची लकीर खींची, वहां तक पहुंचना हर राजनेता का सपना है।
विपक्ष भी करता था अटल जी का सम्मान
डिप्टी सीएम ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सबसे बड़ी विशेषता उनकी सर्वस्वीकार्यता थी। वैचारिक मतभेदों के बावजूद विपक्षी दल भी उनकी बातों का सम्मान करते थे। वे राजनीतिक असहमति के बीच भी सामाजिक सौहार्द और दलीय एकता बनाए रखते थे। उनकी स्वीकार्यता न केवल भारत में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी थी।
Also Read: अयोध्या में उमड़ा जनसैलाब… क्या यही है मोदी-योगी मॉडल की सबसे बड़ी जीत?
सनातन संस्कृति के प्रबल पक्षधर थे अटल जी
ब्रजेश पाठक ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सनातन धर्म के सच्चे पक्षधर थे, लेकिन उनकी सोच इतनी व्यापक थी कि दूसरी विचारधारा के लोग भी उनकी बातों को सहजता से स्वीकार करते थे। वे कवि, पत्रकार और कुशल राजनेता थे तथा किसी के प्रति द्वेष की भावना नहीं रखते थे।
एनडीए का गठन कर देश को दी स्थिर सरकार
डिप्टी सीएम ने कहा कि अटल जी ने कई राजनीतिक दलों को एक सूत्र में पिरोकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का गठन किया और देश को एक मजबूत व स्थिर सरकार दी। विभिन्न वैचारिक मतभेदों के बावजूद उन्होंने देशहित को सर्वोपरि रखा।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
किशोरावस्था से ही देशभक्ति की चेतना
ब्रजेश पाठक ने बताया कि जब अटल बिहारी वाजपेयी किशोरावस्था में ग्वालियर में अपने पिता के साथ पढ़ाई कर रहे थे, तभी उन्होंने कविताओं के माध्यम से अंग्रेजी गुलामी के खिलाफ लिखना शुरू कर दिया था। इस कारण स्थानीय पुलिस ने उनके पिता से शिकायत भी की। आगरा भेजे जाने के बाद भी अटल जी ने लेखन नहीं छोड़ा और जीवन भर देश को अंग्रेजी संस्कृति की मानसिक गुलामी से मुक्त कराने के लिए प्रयास करते रहे।
मोदी सरकार अटल जी के आदर्शों पर कर रही काम
डिप्टी सीएम ने कहा कि आज केंद्र की मोदी सरकार अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों के लिए योजनाएं बना रही है। पात्र लाभार्थियों तक योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं और उनकी लगातार निगरानी भी हो रही है।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
कार्यक्रम में ये गणमान्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल, भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष घनश्याम गुप्ता, सुशील तिवारी पम्मी, पृथ्वी गुप्ता, रंजीत सिंह, जेपी सिंह, स्वदेश सिंह, अभिलाषा सुदर्शन कटियार, हरीश चंद्र लोधी, सुनील शंखधर, प्रदीप शुक्ला, भृगुनाथ शुक्ला, राघवराम तिवारी, उपसभापति चरनजीत गांधी, राजेश सिंह, शैलेन्द्र वर्मा, गिरीश गुप्ता, राकेश मिश्रा, मान सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्षद व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

