Bihar Election 2025: "NDA government again," the BJP's new slogan for the Bihar elections, 245 chariots ready for campaigning.

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव का माहौल गरमाने लगा है। सभी राजनीतिक दल अपनी -अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। इसी बीच बीजेपी और एनडीए गठबंधन ने चुनाव प्रचार की रणनीति को लेकर बड़ा ऐलान किया है। इस बार एनडीए जनता के बीच एक नया नारा लेकर उतरने जा रहा है “विकास की रफ्तार पकड़ चुका बिहार… फिर से एनडीए सरकार।”
पढें: राहुल की यात्रा के बाद तेजस्वी की अधिकार यात्रा, क्या यह यात्रा तय करेगी बिहार की अगली सरकार?
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, इस नारे का आधिकारिक ऐलान 30 सितंबर तक किया जाएगा। हालांकि, पार्टी के कुछ बड़े नेताओं ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस लाइन को शेयर करना शुरू कर दिया है।
245 हाईटेक रथों से प्रचार
बीजेपी ने इस चुनाव को लेकर प्रचार-प्रसार के लिए जबरदस्त तैयारी की है। पार्टी ने 245 हाईटेक एलईडी रथ तैयार कर लिए हैं। ये रथ गांव-गांव और शहर-शहर जाएंगे और जनता को एनडीए सरकार की उपलब्धियों और वादों से रूबरू कराएंगे।
कहा जा रहा है कि इन रथों को किसी वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री के हाथों हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इन रथों में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिन पर वीडियो और ऑडियो के जरिए सरकार के कामों और योजनाओं को दिखाया जाएगा।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
विकास और वादों पर फोकस
बीजेपी का कहना है कि बिहार ने एनडीए शासन में तेजी से विकास किया है। सड़क, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और सुशासन के क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इसी को जनता तक पहुंचाने के लिए ये हाईटेक रथ प्रचार करेंगे।
इन रथों पर चलने वाले ऑडियो-वीडियो में कई बड़ी घोषणाएँ भी होंगी जैसे कि 125 यूनिट मुफ्त बिजली, बुजुर्गों और महिलाओं को दोगुनी पेंशन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का बढ़ा हुआ मानदेय और युवाओं के लिए रोज़गार।
सूत्रों के अनुसार, सितंबर महीने में महिलाओं के खातों में 10-10 हज़ार रुपये डालने की योजना भी सरकार बना चुकी है। हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 16 लाख मज़दूरों को 5-5 हज़ार रुपये की राशि ट्रांसफर की थी। वहीं युवाओं को 1 करोड़ रोजगार, छात्रों को 1,000 रुपये मासिक भत्ता और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड पर ब्याज मुक्त सुविधा जैसी योजनाओं का प्रचार भी इन रथों से होगा।
जेडीयू का रुख अब तक साफ नहीं
हालांकि एनडीए की ओर से यह नारा तय हो चुका है, लेकिन सहयोगी दल जेडीयू ने अब तक इस पर कोई बयान नहीं दिया है। आम तौर पर जेडीयू हमेशा चुनाव प्रचार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम और चेहरे के इर्द-गिर्द ही रखती रही है।
याद दिला दें कि 2020 विधानसभा चुनाव में जेडीयू का नारा था “क्यूं करें विचार, ठीके तो है नीतीश कुमार।” वहीं 2015 में कहा गया था “बिहार में बहार है, नीतीशे कुमार है।” इस बार दिलचस्प बात यह है कि बीजेपी ने अपने नारे में नीतीश कुमार का नाम शामिल नहीं किया है।
एनडीए का नया नारा और 245 हाईटेक प्रचार रथ आने वाले दिनों में बिहार चुनाव को और भी रोमांचक बना देंगे। बीजेपी पूरी तरह से “विकास और वादों” को चुनावी हथियार बनाकर मैदान में उतर चुकी है। अब देखना होगा कि जनता इस नारे को कितना पसंद करती है और जेडीयू इस पर क्या प्रतिक्रिया देती है।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर

