Sliderचुनावट्रेंडिंगन्यूज़बड़ी खबरराजनीति

Assembly Elections 2024: चुनाव आयोग आज करेगा विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान

Election Commission will announce the dates of assembly elections today

Assembly Elections 2024: चुनाव आयोग शुक्रवार यानी 16 अगस्त को विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करने जा रहा है। आज जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने की संभावना है। हालांकि, सबसे ज्यादा निगाहें जम्मू-कश्मीर में होने वाले विधानसभा चुनावों पर टिकी हैं, क्योंकि आर्टिकल 370 हटने के बाद यहां पहली बार मतदान होगा। इसके अलावा विधानसभा चुनाव महाराष्ट्र और झारखंड में भी हो सकते हैं।

चुनाव आयोग आज दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा, जिसमें विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर में पांच से सात चरणों में चुनाव हो सकते हैं। केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग के अधिकारियों ने वहां के अधिकारियों के साथ बैठक की। उनसे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा हालात का जायजा लिया गया। सुरक्षा को लेकर हरी झंडी मिलने के बाद ही चुनाव की तैयारियां शुरू की जा रही हैं।

चुनाव आयोग की टीम ने किया हरियाणा और जम्मू-कश्मीर का दौरा

हाल ही में केंद्रीय चुनाव आयोग ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर का दौरा किया था। चुनाव आयोग की टीम ने 8 से 10 अगस्त के बीच केंद्र शासित प्रदेश का दौरा किया था, जिसके बाद वह हरियाणा गई थी। टीम ने गृह सचिव अजय भल्ला से मुलाकात की, जिसमें जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई। चुनाव आयोग की ओर से जारी अधिसूचना में विधानसभाओं की बात कही गई है। ऐसे में पूरी संभावना है कि हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में तारीख का ऐलान हो जाएगा।

इस बात को बल इसलिए भी मिलता है क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि जम्मू-कश्मीर में 30 सितंबर से पहले चुनाव हो जाने चाहिए। फिलहाल अगस्त का महीना चल रहा है और सरकार को कोर्ट के आदेश का पालन करना है। इसके चलते वह केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकती है। वहीं, हरियाणा में विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर को खत्म हो रहा है। ऐसे में कार्यकाल खत्म होने से पहले ही विधानसभा चुनाव हो जाएंगे।

महाराष्ट्र और झारखंड में भी हो सकती है चुनाव की तारीखों की घोषणा

महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल नवंबर में खत्म हो रहा है। इसी तरह झारखंड विधानसभा का कार्यकाल भी जनवरी 2025 के पहले हफ्ते में खत्म होने वाला है। ऐसे में चुनाव आयोग इन दोनों राज्यों के लिए भी चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।

कब हुए हरियाणा और महाराष्ट्र समेत तीन राज्यों में चुनाव?

90 सीटों वाले हरियाणा में 21 अक्टूबर 2019 को एक चरण में वोटिंग हुई थी। 24 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए गए थे। महाराष्ट्र में भी 288 सीटों के लिए 21 अक्टूबर 2019 को वोटिंग हुई थी। 24 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए गए थे। वहीं, 81 सीटों वाले झारखंड में आखिरी विधानसभा चुनाव 2019 में हुए थे। तब 30 नवंबर से 20 दिसंबर 2019 तक 5 चरणों में वोटिंग हुई थी।

जम्मू-कश्मीर की बात करें तो यहां आखिरी बार 2014 में चुनाव हुए थे। उसके बाद बीजेपी-पीडीपी की सरकार गिर गई और फिर राज्य का पुनर्गठन हुआ। 2019 में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से यहां चुनाव नहीं हुए हैं। 2014 के चुनाव के समय राज्य में 87 विधानसभा सीटें थीं। इनमें से 37 जम्मू और 46 कश्मीर घाटी में थीं जबकि 6 सीटें लद्दाख में थीं। लेकिन परिसीमन के बाद अब जम्मू-कश्मीर विधानसभा में सीटों की संख्या 90 हो गई है। इनमें से 43 सीटें जम्मू में, 47 सीटें कश्मीर में हैं।

Chanchal Gole

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button