Haryana Flood: हरियाणा के हिसार, फतेहाबाद, सिरसा और चरखी दादरी में बाढ़ जैसी स्थिति
Haryana Flood: हरियाणा के हिसार, फतेहाबाद, सिरसा और चरखी दादरी जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। नदियों, नहरों और ड्रेन के टूटने से कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है, जिससे फसलें डूब गई हैं और कई परिवार सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हो गए हैं। प्रशासनिक टीमें बाढ़ राहत और बचाव कार्यों में लगी हुई हैं, लेकिन स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
हिसार में जलभराव और सड़क जाम
हिसार जिले में घिराय, पातन और भिवानी रोहिल्ला के पास घग्गर ड्रेन के टूटने से करीब 300 एकड़ क्षेत्र में जलभराव हो गया है। अब तक 61 हजार एकड़ फसलें जलमग्न हो चुकी हैं। 28 गांवों की बाहरी बस्तियों और ढाणियों में पानी भर गया है, वहीं 34 स्कूलों के परिसर में भी जलभराव की स्थिति है। रामगढ़ में जलभराव से नाराज ग्रामीणों ने हिसार-सिवानी रोड पर जाम लगा कर विरोध जताया है, जिससे यातायात बाधित हो गया है।
हरियाणा की तमाम बड़ी खबरें LIVE देंखे
फतेहाबाद में भारी नुकसान और मजदूर की मौत
फतेहाबाद के भट्टूकलां में गांव रामसरा के पास हिसार मल्टीपर्पज चैनल ड्रेन टूटने से 700 एकड़ फसलें डूब गई हैं। कई ढाणियों में पानी भर गया है। इस दौरान बचाव कार्य के दौरान ढिंगसरा गांव के 42 वर्षीय मजदूर निगेह सिंह की हार्टअटैक से मौत हो गई। भूना जिले में बाढ़ जैसे हालात हैं, जहां दहमान गांव के 300 घरों में पानी घुस गया है। 15 परिवारों को दूसरी जगह शरण लेनी पड़ी है। इसके अलावा, खंचाजी मोहल्ला में एक मकान की छत गिर गई है, वहीं पुरानी तहसील चौक और गाजूवाला में दीवारें टूट गई हैं।
सिरसा में घग्गर नदी का खतरे का स्तर पार
सिरसा जिले में घग्गर नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है। चामल के पास ढाणी सुखचैन और मल्लेवाला में नदी की तटबंध में दरारें आ गई हैं। चोपटा क्षेत्र में पांच घंटे की भारी बारिश से कई गांवों में जलभराव हो गया है। जलस्तर 18,600 क्यूसेक से बढ़कर 21,000 क्यूसेक तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान को पार कर चुका है। शक्करमंदोरी और दड़बा कलां के स्कूलों में पानी भर गया है, वहीं लुदेसर का शहीद स्मारक भी जलमग्न हो चुका है।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
चरखी दादरी में फसलों का भारी नुकसान
चरखी दादरी के 15 गांवों में जलभराव से करीब 7,600 एकड़ फसलें प्रभावित हुई हैं। गांव चांग और सागवान में पानी भरने से स्थानीय लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हैं। बुधवार को अचीना के पास बास माइनर टूटने से छह एकड़ फसल नष्ट हो गई है। वहीं, गांव कलिंगा में तीन नाबालिग लड़कियों की मौत हो गई है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायतों के माध्यम से मुनादी कराई है।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
बढ़ता खतरा और स्कूलों में अवकाश
फतेहाबाद में भी घग्गर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जो 14,700 क्यूसेक तक पहुंच गया है, जिससे बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है। हरियाणा सरकार ने हिसार और सिरसा में 6 सितंबर तक स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, फतेहाबाद के रतिया, भूना, टोहाना और जाखल खंडों में भी स्कूल आज और कल बंद रहेंगे। प्रशासन और बचाव टीमें राहत कार्यों में जुटी हैं, लेकिन बारिश और जलभराव ने किसानों और ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

