Nepal Gen-Z Protest: नेपाल में हिंसक झड़पों के बाद भारत भी अलर्ट पर, कहां-कहां बढ़ाई सुरक्षा?
Nepal Gen-Z Protest: भारत के पड़ोसी देश नेपाल में सरकार और युवा शक्ति के बीच जंग छिड़ गई है। देश में इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब समेत 26 सोशल मीडिया साइट्स पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया गया। जिसके खिलाफ देश का युवा जेनरेशन-जेड सड़कों पर उतर आया। नेपाल की सड़कों पर 15,000 से ज्यादा प्रदर्शनकारी युवा उतर आए। नेपाल में उथल-पुथल के बीच अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि नेपाल की सीमा से लगे उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
नेपाल में युवाओं के इस प्रदर्शन में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद नेपाल सरकार ने सोशल मीडिया पर लगी रोक हटा ली है। नेपाल में हंगामे के बीच बलरामपुर में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और खुफिया एजेंसियों को कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है और सीमा से लगे सभी थानों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
पढ़े : आरएस पुरा में बीएसएफ की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तानी घुसपैठिया जिंदा पकड़ा गया
कहां बढ़ाई गई सुरक्षा?
बहराइच में, सशस्त्र सीमा बल ने गश्त बढ़ा दी है और भारत-नेपाल को जोड़ने वाले राजमार्गो, ग्रामीण सड़कों और वन मार्गो पर कड़ी जांच शुरू कर दी है। महाराजगंज में सोनौली सीमा पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त गश्त के साथ सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बस अड्डों और नेपाल से लौटने वाले यात्रियों की विशेष जांच की जा रही है, जबकि डॉग स्क्वॉड ने सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण किया है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने कहा, “सीमा पर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। सभी थाना प्रभारियों को हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं और सुरक्षा बल किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।”
उन्होंने यह भी बताया कि नेपाली प्रशासन ने बुटवल और भैरहवा इलाकों में बेलहिया और महेशपुर सीमा शुल्क कार्यालयों को बंद कर दिया है, जिससे 4 किलोमीटर के दायरे में वाहनों की आवाजाही और जुलूसों व भीड़भाड़ पर रोक लगा दी गई है।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
पुलिस-एसएसबी हाई अलर्ट पर
लखीमपुर खीरी में गौरीफंटा सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण लेकिन शांतिपूर्ण बताई जा रही है, जो पलिया तहसील को नेपाल के धनगढ़ी से जोड़ती है। पुलिस उपाधीक्षक यादवेंद्र यादव ने कहा, “नेपाल में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस और एसएसबी हाई अलर्ट पर हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है, लेकिन लोग खुद ही सीमा पार करने से बच रहे हैं, जिससे आवाजाही कम हो गई है।
पीलीभीत में जिला मजिस्ट्रेट ज्ञानेंद्र सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने कहा कि नेपाल के महेंद्रनगर और धनगढ़ी में बढ़ते विरोध प्रदर्शनों की खबरों के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एसएसबी जवानों को अलर्ट पर रखा गया है। डीएम ने कहा, “पीलीभीत और नेपाल के बीच गहरे व्यापारिक और पारिवारिक संबंध हैं। कई परिवारों के घर और व्यवसाय सीमा पार हैं। फिलहाल कोई प्रतिबंध नहीं है, लेकिन हम स्थिति पर नजर रख रहे हैं।”
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
स्थानीय लोग भी चिंतित
सीमा पर रहने वाले लोगों ने बताया कि नेपाल में लगी पाबंदियों से अफरा-तफरी मच गई है। महराजगंज के सोनौली निवासी आकाश पांडेय ने बताया, “भारत और नेपाल का रोटी-बेटी का रिश्ता है, लेकिन सीमा पार कॉल करना बहुत महंगा पड़ता है। एक मिनट की कॉल की कीमत 7 रुपये से ज्यादा है। इसलिए लोग सोशल मीडिया के जरिए दोस्तों और रिश्तेदारों से संपर्क करते हैं। अब इस पाबंदी से कई लोग परेशान हैं, खासकर वो परिवार जिनकी बेटियां सीमा पार ब्याही हैं।”
नेपाल में पर्यटन भी प्रभावित हुआ है। नेपाल के भरवां निवासी श्रीचंद गुप्ता ने कहा, “सीमा पार करने वाले कई भारतीय पर्यटक कर्फ्यू के कारण फंस गए हैं। हमें उम्मीद है कि सरकार उनकी सुरक्षित वापसी का प्रबंध करेगी।”

