Ayushman Yojana: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 18वीं लोकसभा को संबोधित करते हुए देश के बुजुर्गों को बड़ी खुशखबरी दी है। गुरुवार को उन्होंने कहा कि 70 साल से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों का इलाज आयुष्मान योजना के तहत किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के दौरान जारी घोषणापत्र में भी इसका वादा किया था। 24 जून से लोकसभा का सत्र शुरू हो गया है।
गुरुवार को संसद भवन में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि नई सरकार में हम 70 साल से ऊपर के सभी लोगों को आयुष्मान का लाभ दे रहे हैं। इतना ही नहीं, सरकार ने किसानों के लिए भी लगातार काम किया है। किसानों को 20 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। इससे हमने किसानों को और आत्मनिर्भर बनाया है।
घोषणापत्र जारी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 70 साल या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था, ‘बुजुर्गों की सबसे बड़ी चिंता यह होती है कि वे अपनी बीमारी का इलाज कैसे करवाएं। मध्यम वर्ग के लिए यह चिंता और भी गंभीर है। भाजपा ने अब संकल्प लिया है कि 70 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक व्यक्ति को आयुष्मान भारत योजना के दायरे में लाया जाएगा।’
भाजपा घोषणापत्र में कहा गया है, ‘हम बुजुर्गों को कवर करने के लिए आयुष्मान भारत योजना का विस्तार करेंगे और उन्हें मुफ्त और अच्छी गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे। इस योजना को तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली ने वित्त वर्ष 2019 के बजट के दौरान लॉन्च किया था। इसे प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना भी कहा जाता है, जिसके तहत वर्तमान में 5 लाख रुपये का कवर उपलब्ध है।
इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘मेरा भारत’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार ने ‘मेरा युवा भारत-मेरा भारत’ अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि इसमें अब तक डेढ़ करोड़ से अधिक युवा पंजीकरण करा चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार डिजिटल यूनिवर्सिटी बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।