Delhi Weather News Updates Today: दिल्ली में गर्मी और लू से राहत, आईएमडी ने जारी किया येलो अलर्ट
Delhi Weather News Updates Today: दिल्ली में शनिवार दोपहर को मौसम में बदलाव देखने को मिला। पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज धूल भरी हवाएं चलीं और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई। इससे दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिली। अगले चार दिनों में भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।
राजधानी में शनिवार को तापमान में शुक्रवार के मुकाबले थोड़ी कमी दर्ज की गई। शुक्रवार को जहां अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री था, वहीं शनिवार को यह 44.2 डिग्री दर्ज किया गया। कई इलाकों में शुक्रवार के मुकाबले तापमान 3 से 4 डिग्री कम रहा। हालांकि न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शनिवार को 30.2 डिग्री था।
रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी लू से राहत मिलेगी। दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। इस दौरान दिल्ली के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 29 से 30 डिग्री के आसपास अगले 4 से 5 दिनों तक रह सकता है।
दिल्ली में गर्मी के कारण अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है
पिछले तीन दिनों में दिल्ली में गर्मी के कारण तीन लोगों की मौत हो चुकी है। तीनों ही लोग हीट स्ट्रोक के कारण हीट स्ट्रोक के शिकार हुए। शनिवार को लोक नायक अस्पताल में 31 वर्षीय एक व्यक्ति की गर्मी के कारण मौत हो गई। इसके अलावा सफदरजंग अस्पताल में हीट स्ट्रोक का इलाज कराने आए दो लोगों की पिछले दो दिनों में मौत हो चुकी है।
लोकनायक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि भजनपुरा निवासी 31 वर्षीय व्यक्ति की शनिवार रात तीन बजे मौत हो गई। उसे शुक्रवार रात अस्पताल लाया गया था। इस दौरान वह बेहोशी की हालत में था। मरीज के बारे में पूछताछ की गई तो पता चला कि वह बहुत शराब पीता था और धूप में टहलते समय अचानक गिर गया। इसके बाद उसे अस्पताल की इमरजेंसी रूम में ले जाया गया। मरीज की हालत को देखते हुए उसे वेंटिलेटर पर भी रखा गया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
12 मरीज हीट स्ट्रोक के चलते अस्पताल में भर्ती
दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में अब तक हीट स्ट्रोक के चलते 12 लोग भर्ती हो चुके हैं। इनमें से दो की मौत हो गई और 10 अन्य का इलाज चल रहा है। लोक नायक अस्पताल में अब तक हीट स्ट्रोक के चलते पांच मरीज भर्ती हो चुके हैं। राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भी हीट स्ट्रोक के चलते चार मरीज भर्ती हो चुके हैं।
भाजपा विधायकों ने बनाई रणनीति
दिल्ली में पानी की समस्या को लेकर अब भाजपा विधायक भी सक्रिय हो गए हैं। विधायक जरूरत के हिसाब से कॉलोनियों में टैंकरों से पानी भेज रहे हैं। शनिवार 1 जून को अपने क्षेत्र के लिए घोंडा से भाजपा विधायक अजय महावर ने हेल्पलाइन नंबर 9818383846 और 9312593299 जारी किए।

