Vande Mataram 150 Years: जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में गूंजा ‘वंदे मातरम’, सीएम शर्मा ने दी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा

Vande Mataram 150 Years: जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में शुक्रवार को वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर युवा को अपनी शक्ति पहचाननी चाहिए और कर्तव्य निश्चित कर ‘मां भारती’ का नाम पूरी दुनिया में रोशन करना चाहिए।
सीएम शर्मा ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी जी के मार्गदर्शन में ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प के साथ हमारी सरकार गरीबों, युवाओं, अन्नदाताओं और महिलाओं के उत्थान हेतु निरंतर कार्य कर रही है।
पीएम मोदी की वर्चुअल मौजूदगी में हुआ आयोजन

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ पर इसके गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय चेतना में इसके योगदान और स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा एसएमएस स्टेडियम
जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन ने पूरे वातावरण को राष्ट्र चेतना के भावपूर्ण स्वरों से गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम में मौजूद हर व्यक्ति के भीतर देशभक्ति की भावना जाग उठी और माहौल उत्साह व गर्व से भर गया।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
उत्कृष्ट खिलाड़ियों का सम्मान
सीएम शर्मा ने इस अवसर पर राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ी राजस्थान की शान हैं और आने वाले समय में वे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी ऊंचा करेंगे।
भाजपा नेताओं की मौजूदगी
इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर, जनप्रतिनिधियों और राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारियों की भी उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने सभी को ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह गीत भारत की आत्मा और अस्मिता का प्रतीक है।
आपको बता दें कि ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ न केवल भारत के गौरवशाली इतिहास की याद दिलाती है, बल्कि यह युवाओं के लिए प्रेरणा का संदेश भी देती है कि वे राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं और ‘मां भारती’ का मान बढ़ाएं।

