
Bihar Election 2025: बिहार में चुनावी माहौल इस समय बेहद गर्म है। हर सीट पर प्रचार तेज़ी से चल रहा है, लेकिन इसी बीच पटना जिले की मोकामा विधानसभा सीट से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। गुरुवार को यहां जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की निर्मम हत्या कर दी गई। वे जन सुराज के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे।
घटना बसावनचक गांव की बताई जा रही है, जहां प्रचार के दौरान कुछ बदमाशों ने दुलारचंद यादव पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। इतना ही नहीं, गोली मारने के बाद अपराधियों ने उन्हें गाड़ी से कुचल दिया। उनकी गाड़ी पर गोलियों के कई निशान मिले हैं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
पुलिस और प्रशासन हरकत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बाढ़-2 के एसडीपीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि दो गुटों के बीच गोली चलने और गाड़ी चढ़ाने का मामला सामने आया है।
उन्होंने कहा कि, “पुलिस जांच में जुटी है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। परिजनों के बयान के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
रेंज आईजी जितेंद्र राणा ने भी बताया कि घटना गंभीर है और अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। फिलहाल क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण है, लेकिन पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण बना लिया है।
परिजनों ने अनंत सिंह पर लगाया आरोप
दुलारचंद यादव के परिजनों ने इस हत्या के पीछे मोकामा के बाहुबली और जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह का नाम लिया है। परिवार का कहना है कि चुनावी रंजिश में अनंत सिंह के इशारे पर यह हमला कराया गया।
परिवार ने आरोप लगाया कि दुलारचंद यादव जन सुराज पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे और पिछले कुछ दिनों से मोकामा में जन समर्थन तेजी से बढ़ रहा था, जिससे विरोधी गुट परेशान थे।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
पीयूष प्रियदर्शी का फेसबुक लाइव
घटना के तुरंत बाद जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी ने फेसबुक पर लाइव आकर पूरे मामले पर अपनी बात रखी। लाइव के दौरान उन्होंने कहा ,हमारे साथी दुलारचंद यादव को गोली मार दी गई है। अनंत सिंह के लोगों ने हमला किया है। प्रशासन कुछ नहीं कर रहा, लेकिन गरीब झुकने वाला नहीं है। इसका जवाब जरूर दिया जाएगा।
पीयूष प्रियदर्शी ने साफ कहा कि उनका इलाका टाल क्षेत्र है और वहां गुंडागर्दी नहीं चलेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी उनके कार्यकर्ता के साथ अन्याय करेगा, उसे जवाब मिलेगा।
अनंत सिंह का पलटवार
वहीं, जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह ने इस हत्या के पीछे खुद पर लगे आरोपों को पूरी तरह खारिज किया। उन्होंने कहा कि इसके पीछे सूरजभान सिंह का हाथ है। अनंत सिंह का कहना है कि सूरजभान ने साजिश के तहत यह हमला करवाया ताकि उन्हें फंसाया जा सके।
उन्होंने बताया कि उनके प्रचार काफिले पर भी हमला हुआ था और करीब 10 गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
मोकामा बनी बिहार की सबसे हॉट सीट
बिहार विधानसभा चुनाव में मोकामा सीट इस बार सबसे ज्यादा सुर्खियों में है।और यहां मुकाबला तीन बड़े चेहरों के बीच है —
जेडीयू से अनंत सिंह (एनडीए प्रत्याशी)
आरजेडी से वीणा देवी (सूरजभान सिंह की पत्नी)
जन सुराज पार्टी से पीयूष प्रियदर्शी
तीनों दलों के बीच मुकाबला कांटे का है और अब इस हत्या ने चुनाव को और ज्यादा हिंसक और भावनात्मक बना दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोषियों की तलाश जारी है।

