
Dev Diwali 2025:देव दीपावली 2025 इस बार बनारस के घाटों पर पहले से भी ज्यादा रोशनी और उत्साह लेकर आने वाली है। 5 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के दिन बनारस एक बार फिर लाखों दीयों की जगमगाहट से जगमगा उठेगा। इस पावन मौके पर काशी विश्वनाथ की नगरी में भगवानों की दीपावली मनाई जाती है। माना जाता है कि इस दिन देवता स्वयं काशी में आकर मां गंगा के तट पर दीप जलाते हैं।
पढ़े : छठ पर नदियों और तालाबों में खड़े होकर क्यों दिया जाता है सूर्य को अर्घ्य? जानें इसके पीछे की मान्यता
दस लाख दीयों से जगमगाएगा काशी
इस साल पर्यटन विभाग ने देव दीपावली पर 10 लाख दीये जलाने का लक्ष्य रखा है। इनमें से 7 लाख दीये घाटों पर और 3 लाख दीये गंगा की दूसरी ओर रेत पर जलाए जाएंगे। इसके अलावा स्थानीय पूजा समितियां और सांस्कृतिक संस्थाएं 15 लाख अतिरिक्त दीये जलाएंगी। इस तरह पूरी काशी में करीब 25 लाख दीयों की रौशनी फैलेगी।
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनने के बाद यहां पर्यटकों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। अब घाटों का दृश्य और भी भव्य हो गया है, जिससे देश-विदेश के पर्यटक देव दीपावली को देखने के लिए महीनों पहले से बुकिंग कराते हैं।
होटल और नावों की बुकिंग चरम पर
टूरिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता के अनुसार, इस बार बनारस में करीब 5 लाख से ज्यादा पर्यटक आने की उम्मीद है। शहर के लगभग 90% होटल पहले ही बुक हो चुके हैं। बाकी होटल सेम डेट के लिए होल्ड पर रखे गए हैं। होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे और नावों की बुकिंग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है।
देव दीपावली पर बनारस के नाविकों की भी चांदी रहती है। गंगा के घाटों का नजारा नाव से देखने के लिए पर्यटक हजारों रुपये खर्च करने को तैयार रहते हैं। छोटे इंजिन वाले नावों की बुकिंग 30 हजार रुपये तक में हो रही है। वहीं अलकनंदा क्रूज के संचालक जयंत मालवीय के अनुसार, उनके दो क्रूज और दो रो-रो बोट्स पूरी तरह बुक हो चुके हैं। इस साल फ्लेक्सी रेट के तहत प्रति व्यक्ति किराया 15,000 रुपये तक पहुंच गया है।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
250 करोड़ से ज्यादा की आर्थिक हलचल
राहुल मेहता का कहना है कि इस बार देव दीपावली के दौरान बनारस की अर्थव्यवस्था में 250 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार होगा। होटल, ट्रेवल एजेंसी, नाव, स्थानीय दुकानों और हस्तशिल्प विक्रेताओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा। कहा जा सकता है कि देव दीपावली बनारस के स्थानीय व्यवसाय के लिए साल का सबसे बड़ा अवसर है।
लेजर शो और आतिशबाजी बनेगी आकर्षण
देव दीपावली पर इस बार चेतगंज घाट पर भगवान शिव पर आधारित लेजर शो आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर के सामने गंगा के पार रेत पर भव्य आतिशबाजी शो भी किया जाएगा। यह आतिशबाजी करीब आधे घंटे तक चलेगी, जिसे देखने हजारों की भीड़ घाटों पर उमड़ेगी। रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा आसमान जगमगा उठेगा और मां गंगा की लहरों पर उसका प्रतिबिंब एक अद्भुत दृश्य बनाएगा।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
देश-विदेश से उमड़ेगा सैलाब
हर साल की तरह इस बार भी बनारस में देश और विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचेंगे। घाटों पर दीपों की कतारें, मंत्रोच्चारण, गंगा आरती और भक्ति संगीत का संगम देखने वालों के लिए यह पल जीवनभर की याद बन जाता है।
देव दीपावली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि काशी की आत्मा का उत्सव है। मां गंगा के किनारे जब लाखों दीये एक साथ जगमगाते हैं, तब ऐसा लगता है जैसे स्वयं देवता धरती पर उतर आए हों। इस बार का आयोजन लेजर शो, आतिशबाजी, क्रूज टूर और विशाल दीप सज्जा के कारण और भी भव्य होने वाला है।
इसलिए कहा जा सकता है कि इस बार बनारस की देव दीपावली न सिर्फ धार्मिक बल्कि पर्यटन के लिहाज से भी ऐतिहासिक साबित होगी।

