
Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सियासत चरम पर है और अब एक बार फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान ने हलचल मचा दी है। राहुल गांधी ने मुजफ्फरपुर की एक चुनावी सभा में ऐसा बयान दे दिया, जिसने पूरे राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा “अगर रैली में 200 लोग कह दें कि मोदी जी डांस कीजिए, तो वो स्टेज पर भरतनाट्यम करने लगेंगे।”
राहुल गांधी का यह बयान कैमरे में रिकॉर्ड हुआ और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जहां कांग्रेस समर्थक इसे मज़ाकिया अंदाज़ में ले रहे हैं, वहीं बीजेपी ने इसे प्रधानमंत्री और सनातन धर्म का अपमान बताया है।
पढें: बिहार चुनाव में सोशल मीडिया पर बड़ा एक्शन! राजद-भाजपा-कांग्रेस के 25 हैंडल्स पर ईओयू की रेड
बीजेपी नेताओं का पलटवार
राहुल गांधी के इस बयान के बाद बीजेपी के कई नेताओं ने उन पर तीखा हमला बोला। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा “राहुल गांधी ने छठ जैसे पवित्र पर्व और सनातन धर्म का अपमान किया है। बिहार की जनता उन्हें इसका जवाब जरूर देगी। वो यह भी नहीं जानते कि खुद कौन हैं हिंदू हैं, पारसी हैं या ईसाई। लेकिन अगर वो हमारे धर्म और त्योहारों का मजाक उड़ाएंगे, तो जनता उन्हें सबक सिखाएगी।”
गिरिराज सिंह के बयान के बाद बीजेपी के अन्य नेताओं ने भी राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया और कहा कि राहुल हर बार चुनावी माहौल में कुछ ऐसा बोल देते हैं, जिससे विपक्ष को खुद ही नुकसान होता है।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
पहले भी विवादों में घिरे हैं राहुल गांधी
यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी के किसी बयान ने बवाल मचाया हो। 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कर्नाटक के कोलार में कहा था “सभी चोरों के सरनेम मोदी ही क्यों हैं?”
इस बयान के बाद बीजेपी नेता ने उनके खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया था। कोर्ट ने राहुल गांधी को दोषी ठहराया और दो साल की सजा सुनाई। इस फैसले के बाद उनकी संसद सदस्यता खत्म हो गई थी।
बाद में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप से उनकी सदस्यता बहाल हुई, लेकिन इस बयान ने उनकी राजनीतिक छवि पर गहरा असर डाला था।
‘भारत जोड़ो यात्रा’ में सावरकर पर दिया था विवादित बयान
2022 में जब राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर थे, तब भी वे विवादों में फंस गए थे। महाराष्ट्र में उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर को लेकर कहा “सावरकर अंग्रेजों के नौकर थे, वो ब्रिटिश हुकूमत से पेंशन लेते थे।”
इस बयान के बाद शिवसेना (शिंदे गुट) और सावरकर परिवार ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। कई थानों में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। अदालत ने भी राहुल को चेतावनी दी कि अगर ऐसे बयान दोबारा दिए गए, तो कोर्ट खुद संज्ञान लेगा।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
राहुल गांधी के और विवादित बयान
राहुल गांधी अक्सर अपने भाषणों में ऐसे बयान देते हैं जो चर्चा में आ जाते हैं। कुछ प्रमुख बयान इस प्रकार हैं
“गौरी लंकेश की हत्या में RSS का हाथ है।”
“हत्या का आरोपी अमित शाह है।”
“अमित शाह बैंक के डायरेक्टर हैं, काला धन सफेद कर रहे हैं।”
“RSS ने मुझे मंदिर में घुसने नहीं दिया।”
“महात्मा गांधी की हत्या RSS ने कराई।”
इन बयानों ने उन्हें कई बार कोर्ट और विवादों के जाल में उलझा दिया है।
बिहार की जनता देगी जवाब या बढ़ेगा विवाद?
बिहार में छठ महापर्व के बीच राहुल गांधी का यह नया बयान जनता के बीच चर्चा का विषय बन गया है। बीजेपी ने इसे “छठ और सनातन का अपमान” बताया है, जबकि कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी ने सिर्फ व्यंग्य किया था।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता इस बयान को कैसे लेती है क्या यह कांग्रेस के लिए भारी पड़ेगा या राहुल गांधी फिर एक बार चर्चा के केंद्र में बने रहेंगे?

