UP Hamirpur News: Fire broke out due to domestic cylinder leakage, four people including an innocent girl got burnt in the fire
UP Hamirpur News: हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में आज खाना बनाते समय घरेलू सिलेंडर में गैस का रिसाव होने से सिलेंडर में आग लग गई। आग लगने के कारण सिलेंडर फट गया, जिसमें घर पर मौजूद एक मासूम सहित चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आग लगने की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। सभी झूलसे हुए लोगों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामला मौदहा कोतवाली क्षेत्र के मराठीपुरा का है, जहां निवासी संगीता 56 वर्ष पत्नी देवी शरण सुबह गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। तभी गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा और रिसाव होने पर आग लग गई। इसकी वजह से संगीता के कपड़ों ने आग पकड़ ली। यह देख उसकी पुत्री शैलेश 28 वर्ष व पुत्र अजय सिंह 35 वर्ष उसे बचाने आए तो वो भी आग में बुरी तरह झुलस गए। इस घटना में घर पर मौजूद 3 वर्षीय मासूम आंशिक भी गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों की मदद से सभी घायलों को आनन -फानन सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने उनकी हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार कर सभी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

