Israel-Lebanon News: भारत ने दक्षिण लेबनान में तैनात संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त की है। क्योंकि वे इस क्षेत्र में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमला करने वाले इजरायली बलों की गोलीबारी की चपेट में आ गए थे। उल्लेखनीय है कि, लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन का हिस्सा 600 भारतीय सैनिक हैं और वे इजरायल-लेबनान सीमा पर 120 किलोमीटर की ब्लू लाइन पर तैनात हैं। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि, हम ब्लू लाइन पर बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंतित हैं। हम लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र परिसर की अखंडता का सभी को सम्मान करना चाहिए, तथा संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों की सुरक्षा और पवित्रता सुनिश्चित करने के लिए उनके अधिदेश की उचित कदम उठाए जाने चाहिए।
संयुक्त राष्ट्र ने क्या कहा?
आपको बता दें कि यह बयान संयुक्त राष्ट्र द्वारा यह कहे जाने के एक दिन बाद आया है कि लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (UNIFIL) के नक़ौरा मुख्यालय और आसपास के ठिकानों पर इज़रायली बलों द्वारा बार-बार हमला किया गया है। यूएन के बयान में कहा गया है कि आज सुबह, दो शांति सैनिक घायल हो गए, जब आईडीएफ मर्कवा टैंक ने नक़ौरा में यूएनआईएफआईएल के मुख्यालय में एक अवलोकन टॉवर की ओर अपना हथियार दागा। जिसके कारण वे सीधे टावर से टकरा गए और नीचे गिर गए। बयान में कहा गया कि सौभाग्य से इस बार चोटें गंभीर नहीं हैं, लेकिन वे अस्पताल में हैं।
बिगड़ रही हैं लेबनान में हालात
हिजबुल्लाह के पूर्व प्रमुख हसन नसरल्लाह की हत्या के बाद इजरायल-लेबनान सीमा पर हालात तेजी से बिगड़े हैं। दरअसल, इजरायल इस इलाके में जमीनी हथियारों का इस्तेमाल कर रहा है, जिससे वहां तैनात सैनिकों के लिए खतरा बढ़ गया है। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने हिजबुल्लाह पर यूनिफिल चौकियों के करीब के इलाकों में काम करने का आरोप लगाया है। आईडीएफ ने एक बयान में कहा कि आईडीएफ दक्षिणी लेबनान में काम कर रहा है और यूनिफिल के साथ नियमित संपर्क बनाए रखता है। बयान में आगे कहा गया है कि आज सुबह (गुरुवार) आईडीएफ सैनिकों ने यूनिफिल बेस के बगल में नकौरा के इलाके में एक ऑपरेशन किया।

