Rajasthan News: दिल्ली लौट रहे अमित शाह का विमान जयपुर डायवर्ट, CM भजनलाल शर्मा एयरपोर्ट पहुंचे
Rajsthan News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार शाम जम्मू-कश्मीर से दिल्ली लौट रहे थे, लेकिन दिल्ली में तेज आंधी और बारिश के कारण उनका विमान बीच रास्ते से जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। शाह जम्मू-कश्मीर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने गए थे। जयपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और वरिष्ठ अधिकारी उनसे मिलने पहुंचे। मौसम खराब रहने पर शाह का जयपुर में रात्रि विश्राम संभव है।
सीएम भजनलाल शर्मा एयरपोर्ट पहुंचे
जैसे ही अमित शाह के विमान के जयपुर डायवर्ट होने की सूचना मिली, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तुरंत एयरपोर्ट पहुंचे। उनके साथ कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि वीआईपी स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री ने विमान में ही अमित शाह से मुलाकात की।
जम्मू-कश्मीर में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे थे अमित शाह
अमित शाह रविवार शाम जम्मू पहुंचे थे। सोमवार को उन्होंने बाढ़ से प्रभावित तवी पुल और बिक्रम चौक इलाके का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से प्रभावित दुकानों, गोदामों और निजी संपत्तियों के नुकसान का भी जायजा लिया। बाढ़ से करोड़ों रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
खराब मौसम बना वजह
दिल्ली लौटते वक्त शाम को वहां तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। खराब मौसम को देखते हुए सुरक्षा कारणों से विमान को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। गृह मंत्री का विमान सुरक्षित जयपुर एयरपोर्ट पर उतरा।
Read More: Bhajanlal Sharma: दूदू को मिला विकास का तोहफा, सीएम भजनलाल शर्मा ने रखी नई परियोजनाओं की नींव
जयपुर में रुक सकते हैं शाह
सूत्रों के मुताबिक अमित शाह विमान से बाहर नहीं उतरे हैं और फिलहाल जयपुर एयरपोर्ट के वीआईपी हैंगर में मौजूद हैं। अगर दिल्ली में मौसम में सुधार नहीं हुआ तो उनका आज रात जयपुर में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम बन सकता है। यहां तक कि उनके सड़क मार्ग से दिल्ली जाने की संभावना भी जताई जा रही है।

