38th National Games will start in Uttarakhand from today, PM Modi will inaugurate it
38TH NATIONAL GAMES : देवभूमि उत्तराखंड आज एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है। मंगलवार, 28 जनवरी 2025 से उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों की शुरुआत हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इन खेलों का उद्घाटन किया जाएगा। यह पहली बार है जब उत्तराखंड इन प्रतिष्ठित खेलों की मेजबानी कर रहा है। खेल महोत्सव के आयोजन से प्रदेश के रजत जयंती वर्ष को और भी खास बना दिया गया है।
पढ़े: उत्तराखंड में लागू हुआ समान नागरिक संहिता (UCC): जानिए कैसे बनी यह ऐतिहासिक नियमावली
खेलों में दमखम दिखाएंगे 9545 खिलाड़ी
38वें नेशनल गेम्स में देशभर से 9545 एथलीट हिस्सा लेंगे। इनमें 4701 महिला और 4844 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों के अलावा 2259 तकनीकी अधिकारी, 2573 टीम अधिकारी, 41 डॉक्टर और 1376 खेल से जुड़े स्वयंसेवक भी आयोजन का हिस्सा होंगे। कुल मिलाकर, इस खेल महोत्सव में लगभग 17,000 से अधिक लोग शामिल होंगे।
खिलाड़ियों का उत्तराखंड पहुंचना शुरू हो गया है। खेल विभाग ने सभी खिलाड़ियों और तकनीकी स्टाफ के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जीएमएस पोर्टल पर शुरू की है, जिसमें अब तक 8627 खिलाड़ियों का पंजीकरण हो चुका है।

34 खेलों में खिलाड़ियों का प्रदर्शन
राष्ट्रीय खेलों में कुल 34 खेलों में मुकाबले होंगे। इनमें सबसे ज्यादा 700 खिलाड़ी एथलेटिक्स में भाग लेंगे। इसके अलावा, ताइक्वांडो और गोल्फ को छोड़कर अन्य खेलों में भी बड़ी संख्या में एथलीट अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। मुख्य खेलों में ट्रायथलॉन (128 खिलाड़ी), खो-खो (240), वुशु (390), शूटिंग (400), फुटबॉल (352), राफ्टिंग (136), रग्बी (192), वेटलिफ्टिंग (160), योगासन (272), बॉक्सिंग (208), हॉकी (360), लॉन टेनिस (100), जूडो (253), और वॉलीबॉल (256) शामिल हैं।
पढ़े: उत्तरकाशी के सावणी गांव में भीषण आग: 9 मकान जलकर राख, 25 परिवार हुए बेघर
डे-नाइट प्रतियोगिताएं और अत्याधुनिक सुविधाएं
नेशनल गेम्स में डे-नाइट प्रतियोगिताओं के लिए विशेष तैयारी की गई है। आउटडोर और इंडोर मुकाबलों के लिए आधुनिक लाइटिंग सिस्टम का इंतजाम किया गया है, जिसे कंप्यूटर के माध्यम से नियंत्रित किया जाएगा। इन लाइट्स का डिज़ाइन इस तरह से किया गया है कि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे प्राकृतिक रोशनी जैसा अनुभव कर सकें।
एथलेटिक्स, रग्बी, आर्चरी, फुटबॉल और हॉकी जैसे प्रमुख आउटडोर खेल रात में स्पोर्ट्स लाइट्स की रोशनी में आयोजित किए जाएंगे। यह पहली बार होगा जब राष्ट्रीय खेलों में इस स्तर की तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पढ़े: उत्तराखंड में लागू हुआ समान नागरिक संहिता (UCC), ऐतिहासिक बदलावों की शुरुआत
उत्तराखंड सरकार की व्यापक तैयारी
उत्तराखंड सरकार और खेल विभाग ने आयोजन की तैयारियों को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी है। सभी खेल मैदान पूरी तरह से तैयार हैं, और प्रतियोगिताएं सुबह 6:00 बजे से शुरू होकर देर रात तक चलेंगी। उत्तराखंड खेल विभाग के निदेशक प्रशांत आर्य ने अन्य राज्यों के अधिकारियों से जीएमएस पोर्टल पर विस्तृत डिटेल रजिस्टर करने की अपील की है, ताकि खिलाड़ियों और अधिकारियों को सर्वोत्तम सुविधाएं प्रदान की जा सकें।
खेल महोत्सव से उत्तराखंड को बढ़ावा
राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी उत्तराखंड के लिए एक बड़ा अवसर है। यह आयोजन राज्य के पर्यटन, बुनियादी ढांचे और खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मदद करेगा। खेलों के माध्यम से राज्य की सुंदरता और संस्कृति को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने का मौका मिलेगा।

