अक्षय तृतीया पर्व आज मथुरा में भगवान को लगाया जाएगा
Akshaya Tritiya 2023: अक्षय तृतीया पर्व आज मथुरा में भगवान को लगाया जाएगा चंदन,बांके बिहारी जी के होंगे चरण दर्शन
अक्षय तृतीया (Akshaya Tritiya ) पर्व की मथुरा में पूरी आस्था के साथ मनाया जा रहा है। मंदिरों में विशेष आयोजन किए गए हैं। भगवान का चंदन लगाकर श्रृंगार किया गया है।
विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी जी के चरणों में सवा किलो चंदन से बना लड्डू रखा गया है। अक्षय तृतीया पर्व पर मंदिरों में भगवान का चंदन से लेपन किया गया है। वृंदावन में स्थित विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में भगवान का विशेष श्रृंगार किया जायेगा। सुबह के समय भगवान गर्भ गृह में विराजमान हो कर भक्तों को दर्शन देंगे। इस अवसर पर भगवान धोती धारण करेंगे और ऊपर के हिस्से में चंदन का लेपन कर सफेद कपड़ा उड़ाया जायेगा।
शाम के समय भगवान बांके बिहारी के सर्वांग दर्शन होंगे। शाम के समय भी बांके बिहारी जी के चरणों में चंदन से बना लड्डू अर्पित किया जायेगा। सुबह शाम भगवान के वर्ष में एक बार होने वाले चरण दर्शन कर भक्त अपने को धन्य महसूस करेंगे। अक्षय तृतीया पर्व पर भगवान बांके बिहारी जी को पायजेब पहनाई जाती है। वर्ष में एक बार चरण दर्शन के साथ बांके बिहारी जी पायजेब धारण करते हैं। इस दिन विवाह योग्य युवतियां भगवान बांके बिहारी जी को पायजेब अर्पित करती हैं और सुखी विवाहित जीवन की कामना करती हैं।
अक्षय तृतीया पर्व पर भगवान बांके बिहारी जी को गर्मी से राहत देने के लिए शीतल पदार्थों का प्रसाद अर्पित किया जायेगा। भगवान बांके बिहारी जी को सत्तू,खरबूजा,मेवा युक्त ठंडाई के अलावा केसरिया छैना खीर,ककड़ी और शर्बत का प्रसाद लगाया जाएगा। अक्षय तृतीया का पर्व बांके बिहारी जी के अलावा राधा दामोदर,राधा बल्लभ,मदन मोहन जी, बरसाना स्थित श्री जी मंदिर पर भी मनाया जा रहा है। अक्षय तृतीया पर कहा जाता है कि इस दिन किया जाने वाला दाना कभी क्षय नहीं होता और अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। अक्षय तृतीया पर्व पर भगवान को चंदन अर्पित करने के लिए मंदिर के सेवायत 15 दिन तक चंदन की घिसाई करते हैं।
अक्षय तृतीया पर्व पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वृंदावन को 3 जोन और 10 सेक्टर में बांटा गया है। जोन के प्रभारी अपर पुलिस अधीक्षक हैं तो सेक्टर के प्रभारी सीओ को बनाया गया है। अक्षय तृतीया पर्व को लेकर 1000 से ज्यादा पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।