Nitish Kumar News: बिहार के बुजुर्गों को बड़ी सौगात, अब घर पर मिलेगी इलाज की सुविधा, नीतीश सरकार ने किया ऐलान
CM Nitish Kumar Launches Home Healthcare Scheme: बिहार के बुजुर्गों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में वरिष्ठ नागरिकों को घर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की नई योजना का ऐलान किया है। यह पहल सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘सात निश्चय-3’ का हिस्सा है, जिसका मकसद वर्ष 2025 से 2030 के बीच बिहार को देश के विकसित राज्यों की कतार में खड़ा करना है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार बुजुर्गों को सम्मानजनक और आसान जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी सोच के तहत स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को नर्सिंग से लेकर आपातकालीन इलाज तक की सुविधाएं उनके घर तक पहुंचाई जाएं।
‘न्याय के साथ विकास’ की नीति पर आगे बढ़ रही सरकार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस योजना को लेकर अपनी बात रखते हुए लिखा, ‘4 नवंबर 2005 को जब से राज्य में हमारी सरकार बनी है, तब से न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए लगातार काम किया गया है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘बिहार सरकार ने पूरे राज्य को अपना परिवार माना है और सबके मान-सम्मान का पूरा ख्याल रखा है। अब समाज का हर वर्ग सम्मान के साथ और आसानी से जीवन जी सके, इसके लिए काम तेज किया जा रहा है।’
‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ पर फोकस
नीतीश कुमार ने बताया कि सात निश्चय-3 के तहत सातवां निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ रखा गया है। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, खासकर बुजुर्गों के जीवन में आने वाली परेशानियों को कम करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि राज्य के जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को बीमारी या आपात स्थिति में अस्पतालों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि इलाज उनके घर पर ही उपलब्ध हो।
बुजुर्गों को घर पर मिलेंगी ये स्वास्थ्य सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि इन सेवाओं को जल्द से जल्द लागू करने की दिशा में तेजी से काम किया जाए। नई योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को घर बैठे निम्नलिखित सुविधाएं दी जाएंगी-
- नर्सिंग सहायता
- घर पर पैथोलॉजी जांच
- ब्लड प्रेशर और ईसीजी जांच
- फिजियोथेरेपी की सुविधा
- आपातकालीन स्थिति में सभी प्रकार की चिकित्सकीय सहायता
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
जनता से मांगे गए सुझाव
नीतीश कुमार ने कहा कि बुजुर्गों के जीवन को और आसान बनाने के लिए सरकार जनता की राय भी चाहती है। उन्होंने कहा, ‘वरिष्ठ नागरिकों के लिए और कौन-सी सुविधाएं दी जा सकती हैं, इसके सुझाव आम नागरिक दे सकते हैं।’सुझाव भेजने के लिए ईमेल आईडी [email protected] या डाक का माध्यम अपनाया जा सकता है।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
पहले भी लागू हो चुके हैं सात निश्चय कार्यक्रम
गौरतलब है कि बिहार सरकार इससे पहले भी 2015 से पहले दो ‘सात निश्चय’ कार्यक्रम लागू कर चुकी है। हाल ही में कैबिनेट ने अगले पांच वर्षों के लिए सात निश्चय-3 को मंजूरी दी है, ताकि बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल किया जा सके।

