Bihar politics: बिहार विधानसभा चुनाव करीब आते ही राजनीति में बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। इस बीच केरल कांग्रेस की ओर से एक ट्वीट सामने आया, जिसने पूरे बिहार की सियासत में हलचल मचा दी। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (twitter) पर एक चार्ट साझा करते हुए लिखा – “बीड़ी और बिहार दोनों B से शुरू होते हैं, अब इन्हें गुनाह नहीं माना जाएगा।”
पढें: सियासी हलचल तेज, दिल्ली में बीजेपी और पटना में तेजस्वी ने बुलाई बड़ी बैठकें
जैसे ही यह ट्वीट सामने आया, बिहार की राजनीति गर्म हो गई। एनडीए के नेताओं ने इसे बिहार और बिहार के लोगों का अपमान बताया और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
जेडीयू का कांग्रेस पर पलटवार
जेडीयू के नेता संजय झा ने कांग्रेस को जवाब देते हुए कहा – “B से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है, जो कांग्रेस के पास नहीं है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बिहार का मज़ाक उड़ाया है। जबकि बिहार की धरती हमेशा से महान रही है। यहीं माता जानकी का जन्म हुआ, यहीं भगवान बुद्ध को ज्ञान मिला, इसी राज्य ने देश को संविधान का पहला मसौदा और पहला राष्ट्रपति दिया। इसके अलावा गांधी जी को राष्ट्रपिता बनाने वाली लड़ाई की शुरुआत भी बिहार से हुई थी।
संजय झा ने कहा कि बिहार की जनता कांग्रेस को वोट से सबक सिखाएगी।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बयान
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कांग्रेस पर हमला किया। उन्होंने कहा – “कांग्रेस का असली चेहरा सामने आ गया है। पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां का अपमान किया और अब पूरे बिहार का। जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी।”
चुनाव का माहौल और गरमाया
इससे पहले भी एनडीए, पीएम मोदी की मां पर दिए गए बयानों को मुद्दा बना चुका था। अब कांग्रेस की केरल इकाई के इस ट्वीट ने एनडीए को एक और मौका दे दिया है।
जैसे-जैसे चुनाव पास आ रहे हैं, नेताओं के बीच बयानबाज़ी तेज़ हो रही है। कांग्रेस के इस ट्वीट से साफ हो गया है कि आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति और गरम होगी।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर

