Haryana News: "झूठ की राजनीति कर रहे हैं राहुल गांधी", मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पलटवार

Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वे झूठे और निराधार आरोपों के ज़रिए संवैधानिक संस्थाओं की साख को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर देश को अस्थिर करने की कोशिश का आरोप लगाया और कहा कि “राहुल गांधी घुसपैठियों और शहरी नक्सलियों को बढ़ावा देने के लिए चुनाव आयोग पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।”
मुख्यमंत्री शनिवार शाम चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत कर रहे थे, जहां उन्होंने राहुल गांधी के हालिया बयानों और आरोपों का विस्तार से जवाब दिया।
“भारत को नेपाल-बांग्लादेश बनाना चाहते हैं राहुल”
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा, “राहुल गांधी की मंशा नेपाल और बांग्लादेश की तरह भारत को अस्थिर करने की है, लेकिन देश की जनता कभी उन्हें इस साजिश में सफल नहीं होने देगी।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की रक्षा करती है, जबकि कांग्रेस घुसपैठियों की संरक्षक बन चुकी है।
“चुनाव आयोग पर हमला राहुल गांधी की आदत”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाते हैं और फिर उसका सामना करने की हिम्मत नहीं रखते। “वे भ्रम फैलाकर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। जो व्यक्ति बार-बार बिना तथ्यों के सामने आता है, वह लोकतंत्र का नहीं, केवल अपनी राजनीति का हित देखता है।”
हरियाणा की तमाम बड़ी खबरें LIVE देंखे
“2023 की घटना का दोष 2025 में नियुक्त आयोग अधिकारी पर?”
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी द्वारा 2023 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगाए गए आरोपों को हास्यास्पद बताया। उन्होंने कहा, “ज्ञानेश कुमार फरवरी 2025 में आयोग में नियुक्त हुए, तो 2023 की घटना के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराना राहुल गांधी की तथ्यों से अज्ञानता को दर्शाता है।”
उन्होंने यह भी बताया कि राहुल गांधी जिन विधानसभा क्षेत्रों का हवाला दे रहे हैं – जैसे अलंद (कर्नाटक) – वहां तो कांग्रेस खुद चुनाव जीत चुकी है।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
रिपोर्ट वापस, फिर भी आरोप क्यों?
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि जिस रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस वोट चोरी के आरोप लगा रही है, वह संस्था – सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ डेवलपिंग सोसाइटीज (CSDS) – 17 अगस्त को खुद ही अपनी रिपोर्ट वापस ले चुकी है। बावजूद इसके, राहुल गांधी अब भी उसी रिपोर्ट का हवाला दे रहे हैं, जो पूरी तरह निरस्त हो चुकी है।
“राहुल गांधी सिर्फ घुसपैठियों के वोट के लिए लड़ रहे हैं”
मुख्यमंत्री ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “राहुल गांधी भारतीय मतदाताओं के लिए नहीं, बल्कि घुसपैठियों के वोट बैंक के लिए लड़ रहे हैं।” उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों – गुरुग्राम, नूंह, फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना, कैथल – का जिक्र राहुल गांधी ने किया है, वे कांग्रेस की तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति का हिस्सा हैं।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
हरियाणा में कांग्रेस का आंतरिक लोकतंत्र भी सवालों के घेरे में
नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पार्टी की आंतरिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा, “हरियाणा में विधानसभा चुनाव को एक साल से अधिक हो गया है, लेकिन आज तक नेता प्रतिपक्ष तय नहीं हो पाया। इससे कांग्रेस के अंदरूनी लोकतंत्र की पोल खुलती है।”
पुराने चुनावी घोटालों की याद दिलाई
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के शासनकाल के दौरान हुए फर्जी वोटिंग और बूथ कैप्चरिंग के मामलों की भी याद दिलाई। उन्होंने वर्ष 2009 में सुखबीर कटारिया के फर्जी वोटिंग केस, 2014 लोकसभा चुनाव में नूंह, फिरोजपुर झिरका और पुन्हाना में हुई कथित धांधलियों और कैथल से जुड़ी वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का उल्लेख कर कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया।

