Bihar Politics: सांसद गिरधारी यादव की सदस्यता पर मंडराया संकट, ललन सिंह और संजय झा ने खोला कच्चा चिट्ठा, स्पीकर को भेजी फाइल
JDU Action Against MP Girdhari Yadav: बिहार की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपने ही बांका सांसद गिरधारी यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जेडीयू के संसदीय दल के नेता दिलेश्वर कामैत ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर गिरधारी यादव की सदस्यता समाप्त करने की मांग की है। इस चौंकाने वाले कदम के बाद बिहार के सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है। पार्टी का आरोप है कि गिरधारी यादव ने हालिया विधानसभा चुनावों में पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहकर अनुशासनहीनता की सारी हदें पार कर दी हैं।
इस पूरे घटनाक्रम पर बुधवार (25 मार्च, 2026) को केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने बेहद तल्ख टिप्पणी की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी ने यह कार्रवाई मजबूरी में नहीं, बल्कि सांसद के स्वयं के कृत्यों के आधार पर की है। ललन सिंह के साथ-साथ जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी साफ कर दिया है कि गठबंधन धर्म और पार्टी अनुशासन के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए जेडीयू में कोई जगह नहीं है। बांका सांसद पर लगे इन आरोपों ने नीतीश कुमार की पार्टी के भीतर मची रार को अब जगजाहिर कर दिया है।
ललन सिंह का दोटूक
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि गिरधारी यादव ने खुद अपने लिए यह रास्ता चुना है। उन्होंने कहा, ‘फैसला हमने नहीं लिया, फैसला उन्होंने जो विधानसभा के चुनाव में उन्होंने अपने लड़के को आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ाया और खुद चुनाव प्रचार में वह लगे रहे… तो उसके आधार पर हमारे संसदीय नेता दिलेश्वर कामैत ने आवेदन दिया है, अब इस पर अध्यक्ष विचार करेंगे।’ ललन सिंह के इस बयान से साफ है कि जेडीयू अब आरजेडी के साथ किसी भी तरह की ‘भीतरी सांठगांठ’ को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।
संजय झा ने भी साधा निशाना
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी इस मुद्दे पर पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि यह मामला सीधे तौर पर विश्वासघात का है। संजय झा के अनुसार, ‘हमारी पार्टी में लोकसभा के जो नेता हैं दिलेश्वर कामैत, उन्होंने स्पीकर के यहां फाइल किया है… विधानसभा चुनाव में गिरधारी यादव के जो पुत्र हैं उन्होंने आरजेडी से चुनाव लड़ा था… उसी संसदीय क्षेत्र से जहां से वो सांसद हैं। इसी के आधार पर फाइल किया गया है।’
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
स्पीकर को भेजा पत्र
लोकसभा में जेडीयू संसदीय दल के नेता दिलेश्वर कामैत ने आधिकारिक तौर पर कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान गिरधारी यादव ने न केवल अपने बेटे को विपक्षी दल (आरजेडी) से टिकट दिलवाया, बल्कि उनके पक्ष में खुलकर प्रचार भी किया। कामैत ने कहा, ‘पार्टी विरोधी काम किया था। इसको लेकर पार्टी ने कार्रवाई का आदेश दिया है, तो लोकसभा के स्पीकर को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है।’
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
बांका की राजनीति में आएगा भूचाल?
गिरधारी यादव बांका से एक कद्दावर नेता माने जाते हैं, लेकिन पार्टी के इस ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ ने उनके राजनीतिक भविष्य पर सवालिया निशान लगा दिया है। यदि लोकसभा स्पीकर उनकी सदस्यता रद्द करने का फैसला लेते हैं, तो बांका लोकसभा सीट पर उपचुनाव की स्थिति बन सकती है। विपक्षी खेमे, खासकर आरजेडी की नजरें अब इस पूरे विवाद पर टिकी हैं, क्योंकि गिरधारी यादव के अगले कदम से बिहार के सियासी समीकरण बदल सकते हैं।

