CM Dhami Announcement: उत्तराखंड का 'सिलिकॉन वैली' बनेगा रानीबाग बंद पड़ी HMT फैक्ट्री की 45 एकड़ जमीन पर बनेगा भव्य आईटी हब; हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
Ranibagh IT Hub: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने कुमाऊं मंडल के युवाओं के लिए भविष्य का बड़ा खाका तैयार कर लिया है। लंबे समय से बंद पड़ी रानीबाग स्थित एचएमटी (HMT) फैक्ट्री की बेशकीमती जमीन पर अब मशीनों का शोर नहीं, बल्कि सूचना प्रौद्योगिकी (IT) का दबदबा होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आधिकारिक घोषणा की है कि फैक्ट्री परिसर की 45.33 एकड़ भूमि पर एक अत्याधुनिक ‘आईटी हब’ (IT Hub) विकसित किया जाएगा। इस पहल से न केवल उत्तराखंड को डिजिटल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए घर के पास ही रोजगार के हजारों अवसर पैदा होंगे।
खंडहर से विकास की ओर HMT फैक्ट्री का सफर
रानीबाग में एचएमटी फैक्ट्री की स्थापना साल 1985 में हुई थी। 91 एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैली यह फैक्ट्री कभी कुमाऊं की औद्योगिक पहचान हुआ करती थी। हालांकि, घाटे और अन्य कारणों से साल 2016 में इसका संचालन पूरी तरह बंद हो गया, जिससे यह पूरा परिसर धीरे-धीरे खंडहर में तब्दील हो गया।
राज्य सरकार लंबे समय से इस जमीन के हस्तांतरण की कोशिशों में जुटी थी। अंततः, साल 2022 में केंद्र सरकार ने एचएमटी की 45.33 एकड़ भूमि उत्तराखंड शासन को सौंप दी। हालांकि, बीच में यहाँ मिनी सिडकुल, एम्स की शाखा, हथियार फैक्ट्री और पीएम आवास योजना जैसे कई प्रस्ताव आए, लेकिन अंतिम मुहर ‘आईटी हब’ पर लगी है।
READ: कॉर्बेट की वादियों में 15 साल बाद गूंजी दुर्लभ ‘डस्की ईगल आउल’ की दस्तक, फाटो जोन में दिखा जोड़ा
मुख्यमंत्री का विजन कुमाऊं को मिलेगी नई पहचान
शनिवार को रामपुर रोड स्थित एफटीआई (FTI) में समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए सीएम धामी ने कहा, आईटी हब बनने से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। हमारा लक्ष्य देश की नामी आईटी कंपनियों को रानीबाग लाना है। जब एक ही छत के नीचे अलग-अलग कंपनियां काम करेंगी, तो रोजगार सृजन के साथ-साथ राज्य की आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह प्रोजेक्ट धरातल पर उतरने के बाद कुमाऊं के युवाओं को दिल्ली, नोएडा या बेंगलुरु जैसे शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
उत्तराखंड की तमाम बड़ी खबर LIVE देखने के लिये क्लिक करे
बिंदुखत्ता और अन्य क्षेत्रों के लिए राहत की उम्मीद
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के अन्य ज्वलंत मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित करने की पुरानी मांग पर सीएम ने कहा कि सरकार इस दिशा में सकारात्मक प्रयास कर रही है। उन्होंने केवल बिंदुखत्ता ही नहीं, बल्कि ऋषिकेश के बापूग्राम, रामनगर के कुछ क्षेत्रों और खटीमा के बग्गा 54 जैसे इलाकों की समस्याओं के समाधान के लिए भी कवायद तेज करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार जनभावनाओं के अनुरूप नीतिगत निर्णय लेने के लिए गंभीर है।
बनभूलपुरा मामला कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना
हल्द्वानी के चर्चित बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले पर मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, ‘सुप्रीम कोर्ट ने भी यह माना है कि वहां अवैध अतिक्रमण हुआ है। इस समस्या का समाधान बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस और समाजवादी पार्टी इस मामले को सुप्रीम कोर्ट ले गईं, जिससे प्रक्रिया में देरी हुई।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जिला प्रशासन पूरी तरह से न्यायालय के निर्देशों के अनुसार कार्य कर रहा है और कानून सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
विकास का नया अध्याय
रानीबाग आईटी हब का निर्माण उत्तराखंड के लिए एक ‘गेम चेंजर’ साबित हो सकता है। पर्यटन और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था वाले इस राज्य में तकनीकी क्षेत्र का विस्तार निवेश के नए रास्ते खोलेगा। रानीबाग की भौगोलिक स्थिति, जो नैनीताल के करीब और हल्द्वानी से सटी हुई है, इसे आईटी कंपनियों के लिए एक आदर्श स्थान बनाती है।

