Bihar Election 2025: क्या नीतीश कुमार ही बनेंगे फिर से मुख्यमंत्री? अमित शाह के बयान पर ललन सिंह का बड़ा ऐलान

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच एक बार फिर मुख्यमंत्री पद को लेकर सियासत गर्मा गई है। गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बयान के बाद एनडीए में हलचल मच गई थी, लेकिन अब केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने साफ कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है, बिहार चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जा रहा है और वे ही मुख्यमंत्री बनेंगे।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
अमित शाह के बयान से मचा सियासी घमासान
दरअसल, अमित शाह से जब बिहार चुनाव में एनडीए की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा था कि चुनाव के बाद एनडीए के सभी दल बैठकर इस पर फैसला करेंगे। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया था कि क्या एनडीए नीतीश कुमार के चेहरे के बिना चुनाव मैदान में उतर रहा है।
ललन सिंह ने किया साफ
मीडिया से बातचीत में ललन सिंह ने कहा कि इसमें संदेह कहां है? बिहार चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि एनडीए इस बार 200 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगा और एक बार फिर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने 2010 के चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा, ‘जैसे उस बार एनडीए ने शानदार प्रदर्शन किया था, वैसे ही इस बार भी परिणाम आने वाले हैं।’
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
अमित शाह और नीतीश कुमार की मुलाकात
इस बीच, गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। यह मुलाकात सीएम हाउस में करीब आधे घंटे तक चली, जिसमें दोनों नेताओं के बीच बिहार चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह ने नीतीश को भरोसा दिलाया कि चुनाव हम जीत रहे हैं और इस बार भी बिहार में एनडीए की सरकार तय है।
एनडीए में एकजुटता पर दिया जोर
ललन सिंह ने आगे कहा कि विपक्ष चाहे कितनी भी अफवाहें फैलाए, एनडीए पूरी तरह एकजुट है। जनता नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा करती है और उनकी नीतियों ने बिहार को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दलों में कोई मतभेद नहीं है और सभी दल मिलकर बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

