Preparations for the 38th National Games in Uttarakhand are incomplete, questions raised about organising the games on time
38TH NATIONAL GAMES: उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन अब से केवल तीन हफ्ते बाद होना है, लेकिन तैयारियां अधूरी होने के कारण आयोजन समय पर होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। राष्ट्रीय खेलों के विभिन्न इवेंट उत्तराखंड के कई जिलों में आयोजित किए जाने हैं, जिनमें देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, शिवपुरी, ऋषिकेश, कोटी कॉलोनी टिहरी, रुद्रपुर, खटीमा, भीमताल, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और टनकपुर शामिल हैं। सबसे अधिक 16 इवेंट देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में होने हैं। लेकिन यहां ग्राउंड रिपोर्ट में सामने आया है कि अधिकांश स्थानों पर अभी भी निर्माण कार्य जारी है।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
एथलेटिक्स ट्रैक पर निर्माण कार्य अधूरा
राष्ट्रीय खेलों के सबसे महत्वपूर्ण एथलेटिक्स इवेंट्स का आयोजन देहरादून में होना है। लेकिन एथलेटिक्स ग्राउंड पर अभी तक सिंथेटिक लेयर बिछाने का कार्य पूरा नहीं हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ करने में दो महीने का समय लगता है, लेकिन खेल विभाग ने आनन-फानन में इसे मात्र 45 दिनों के भीतर तैयार करने का निर्देश दिया।
इससे पहले, 2022 में इसी ग्राउंड पर ढाई करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ट्रैक बिछाया गया था, लेकिन तकनीकी निरीक्षण में इसे अनुपयोगी पाया गया। इसके बाद दोबारा निर्माण का काम शुरू हुआ। हालांकि, वर्तमान में निर्माण कार्य जारी है और खराब मौसम इसमें बड़ी बाधा बन रहा है।

शूटिंग रेंज का काम भी अधूरा
देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में शूटिंग प्रतियोगिता के लिए 10 मीटर, 25 मीटर, 50 मीटर, और 100 मीटर के शूटिंग सेक्शन बनाए जा रहे हैं। लेकिन यहां भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। चेयर्स लगाने से लेकर ढांचे तैयार करने तक कई काम अभी लंबित हैं। शूटिंग प्रतियोगिता 29 जनवरी से 6 फरवरी तक होनी है, लेकिन तैयारियों की धीमी गति चिंता का विषय बनी हुई है।
भागीरथी हॉल और खेल सचिवालय में निर्माण जारी
देहरादून के रायपुर में स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में भागीरथी हॉल में बास्केटबॉल और जिमनास्टिक के इवेंट्स होने हैं, जो 28 जनवरी से 3 फरवरी तक चलेंगे। लेकिन यहां भी दर्शक दीर्घा और अन्य संरचनाओं का निर्माण कार्य अभी अधूरा है। इसके अलावा राष्ट्रीय खेल सचिवालय, जो इस आयोजन की रणनीति का केंद्र है, की मुख्य सड़क लंबे समय से खराब थी और अब जाकर इसका मरम्मत कार्य शुरू हुआ है।
पढ़ें: नगर निकाय चुनाव: निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
DOC की अनुपलब्धता बनी समस्या
राष्ट्रीय खेलों में प्रस्तावित 34 खेलों में से अभी तक केवल 28 खेलों के डायरेक्टर ऑफ कंपटीशन (DOC) नियुक्त किए गए हैं। ताइक्वांडो, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, गोल्फ, मल्लखंब, और योगासन जैसे छह खेलों के DOC अब तक नहीं पहुंचे हैं। इससे इन खेलों के आयोजन पर संशय बना हुआ है।
15 जनवरी तक सभी काम पूरे करने का दावा
खेलों की तैयारियों पर हो रही आलोचनाओं के बीच विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा ने कहा है कि अधिकांश कार्य अपने अंतिम चरण में हैं और 15 जनवरी तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि आखिरी दौर के काम खेलों के साथ-साथ भी चलते रहेंगे और आयोजन समय पर होगा।

