Delhi Blast Update: दिल्ली ब्लास्ट के बाद यूपी में हाई अलर्ट! सीएम योगी ने दिए सख्त आदेश, अखिलेश बोले-हर पहलू से हो जांच

Delhi Blast Update: देश की राजधानी दिल्ली में हुए बम धमाकों के बाद पूरा उत्तर प्रदेश अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण से सीधी बातचीत की और राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने कहा कि हर जिले में पुलिस फोर्स को सतर्क किया जाए, संवेदनशील इलाकों में सघन जांच की जाए और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए। उन्होंने स्पष्ट आदेश दिया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और हर सूचना को गंभीरता से लिया जाए।
पढ़े : लाल किले के पास जोरदार धमाका, खड़ी कार में भयानक विस्फोट, 13 की दर्दनाक मौत, 30 से ज्यादा घायल
सीएम योगी के निर्देशों के बाद पुलिस एक्शन में
मुख्यमंत्री के आदेश मिलते ही डीजीपी राजीव कृष्ण ने सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी खुद फील्ड में उतरें और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करें।
भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, मॉल और सिनेमा हॉल में सघन चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस को यह भी कहा गया है कि जांच के दौरान आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, लेकिन सतर्कता में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
इसके साथ ही, एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड), क्विक रिस्पांस टीम (QRT), बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को भी तत्पर मोड में रखा गया है। हर जिले में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है।
खुफिया तंत्र और सीसीटीवी पर नजर
डीजीपी ने आदेश दिया है कि सीसीटीवी फुटेज की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी जाए।
स्थानीय खुफिया विभाग और नागरिक सूचना नेटवर्क को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि किसी भी संदिग्ध हलचल की सूचना तुरंत मिले। लावारिस वस्तुओं या बैग की जांच पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
यूपी 112 की पीआरवी गाड़ियों को लगातार गश्त करने के आदेश दिए गए हैं, ताकि जनता में सुरक्षा का भरोसा बना रहे और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
राम मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली में धमाके के बाद अयोध्या के राम मंदिर परिसर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। वहां आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स लगातार गश्त कर रही है ताकि कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजरअंदाज न हो।
राजधानी लखनऊ समेत वाराणसी, नोएडा, कानपुर, गाजियाबाद और गोरखपुर जैसे बड़े शहरों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
अखिलेश यादव बोले —हर पहलू से जांच जरूरी
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिल्ली ब्लास्ट को बेहद दुखद और गंभीर घटना बताया। उन्होंने कहा कि इस धमाके ने देश की राजधानी की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
अखिलेश यादव ने मांग की कि इस घटना की हर पहलू से निष्पक्ष जांच की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की अपील की।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
सरकार ने कहा —सुरक्षा से समझौता नहीं
राज्य सरकार ने साफ किया है कि किसी भी कीमत पर सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की शांति और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर जिले की सुरक्षा समीक्षा रिपोर्ट तुरंत तैयार कर उन्हें सौंपी जाए। सीएम ने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाए।
दिल्ली धमाके के बाद पूरा यूपी अलर्ट है। पुलिस से लेकर खुफिया एजेंसियां तक हर स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि जनता खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस करे।

