Twisha Sharma Death Case: ट्विशा शर्मा मौत मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, आरोपी पति 7 दिन की रिमांड पर
Twisha Sharma Death Case: भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामला अब देश की सर्वोच्च अदालत तक पहुंच गया है। मामले ने नया मोड़ तब लिया जब सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए इस केस की सुनवाई करने का फैसला किया। कोर्ट ने इस पूरे प्रकरण को ‘एक युवती की ससुराल में अप्राकृतिक मौत और जांच में कथित प्रक्रियागत विसंगतियों’ से जुड़ा गंभीर मामला माना है। अब इस केस (Twisha Sharma Death Case) की सुनवाई सोमवार, 25 मई को होगी। वहीं दूसरी तरफ भोपाल पुलिस ने आरोपी पति समर्थ सिंह को अदालत में पेश कर सात दिन की पुलिस रिमांड हासिल कर ली है। ऐसे में आने वाले दिन इस मामले में कई बड़े खुलासों के संकेत दे रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः लिया संज्ञान
देश के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत (Surya Kant) की अध्यक्षता वाली बेंच इस मामले की सुनवाई करेगी। पीठ में जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम. पंचोली भी शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट ने जिस तरीके से इस मामले (Twisha Sharma Death Case) को सूचीबद्ध किया है, उसने पूरे घटनाक्रम को और गंभीर बना दिया है। कोर्ट ने इसे केवल एक सामान्य आत्महत्या या दहेज मृत्यु का मामला नहीं माना, बल्कि इसमें ‘संस्थागत पूर्वाग्रह’ और जांच प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के पहलू को भी महत्वपूर्ण बताया है। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच होने से अब मामले की दिशा बदल सकती है और जांच एजेंसियों पर निष्पक्ष कार्रवाई का दबाव बढ़ेगा।
आरोपी पति समर्थ सिंह सात दिन की रिमांड पर
इधर भोपाल में पुलिस ने आरोपी पति समर्थ सिंह (Samarth Singh) को जिला अदालत में पेश किया। पुलिस ने कोर्ट से सात दिन की रिमांड मांगी थी, जिसे मंजूर कर लिया गया। अब पुलिस आरोपी से विस्तार से पूछताछ करेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में मोबाइल रिकॉर्ड, घटनास्थल की परिस्थितियां और परिवार के बीच हुई बातचीत को लेकर कई सवाल पूछे जाएंगे। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि घटना वाली रात आखिर क्या हुआ था। समर्थ सिंह को शुक्रवार को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले वह जिला अदालत में सरेंडर करने पहुंचा था, लेकिन कोर्ट ने उसे भोपाल में सरेंडर करने या जांच अधिकारी के सामने पेश होने की बात कहकर वापस भेज दिया था।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
कोर्ट परिसर में ‘छिपाने’ के आरोप से बढ़ा विवाद
मामले (Twisha Sharma Death Case) में उस समय नया विवाद खड़ा हो गया जब पीड़ित पक्ष के वकील Anurag Srivastava ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि आरोपी समर्थ सिंह को जबलपुर कोर्ट परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में बैठाया गया था। वकील के मुताबिक, कोर्ट रूम की लाइटें बंद थीं और आरोपी मास्क पहनकर अंदर बैठा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां मौजूद कर्मचारियों के पास इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं था कि आरोपी को किस अधिकार से वहां रखा गया। इन आरोपों के बाद मामले ने और ज्यादा राजनीतिक और कानूनी संवेदनशीलता हासिल कर ली है। पीड़ित परिवार लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
शादी के पांच महीने बाद मौत
31 वर्षीय ट्विशा शर्मा (Twisha Sharma Death Case) नोएडा की रहने वाली थीं। दिसंबर 2025 में उनकी शादी शादी डॉट कॉम के जरिए भोपाल निवासी समर्थ सिंह से हुई थी। समर्थ सिंह एक अधिवक्ता हैं और पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के बेटे बताए जा रहे हैं।
परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही ट्विशा को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना वाली रात ट्विशा ने अपनी मां और परिजनों से फोन पर बात करते हुए कथित तौर पर कहा था कि उसे नौकरी छोड़ने के कारण ताने दिए जाते हैं और ससुराल में प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि बातचीत के कुछ समय बाद ही फोन कट गया। करीब दो घंटे बाद ससुराल पक्ष की ओर से मायके वालों को सूचना दी गई कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
सास और पति पर दर्ज हुआ मामला
ट्विशा के परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर हत्या और दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस केस (Twisha Sharma Death Case) ने सोशल मीडिया से लेकर कानूनी गलियारों तक व्यापक चर्चा छेड़ दी है। महिला सुरक्षा, वैवाहिक प्रताड़ना और प्रभावशाली परिवारों से जुड़े मामलों में जांच की पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब सबकी नजरें सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई और पुलिस पूछताछ पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस केस से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।

