Uttarakhand Weather Alert: सावधान! उत्तराखंड में बिगड़ा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट
Rain Snowfall Warning: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है और प्रदेशभर में ठंड के साथ मौसम का मिजाज तल्ख हो गया है। मौसम विभाग ने आज राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है और एहतियातन देहरादून व पिथौरागढ़ जनपदों में कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में मंगलवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है।
पर्वतीय जिलों में भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तराखंड के उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। विशेष रूप से 2500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में यह मौसम परिवर्तन देखने को मिल रहा है, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है।
READ MORE: गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने की मांग तेज, गणतंत्र दिवस पर UKD की संवैधानिक संदेश यात्रा
मैदानी जिलों में तेज हवाएं, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली का खतरा
मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। इसको देखते हुए लोगों को खुले स्थानों में जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने किसानों और यात्रियों को भी सतर्क रहने की अपील की है।
Latest News Update Uttar Pradesh News, उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
देहरादून में बादल छाए रहने के साथ बारिश के आसार
राजधानी देहरादून की बात करें तो यहां दिनभर आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने की संभावना है। गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में अधिकतम तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन सभी सरकारी और निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
पढ़े ताजा अपडेट: Newswatchindia.com: Hindi News, Today Hindi News, Breaking
बर्फबारी के बाद बढ़ी ठंड, पर्यटन को मिला बढ़ावा
बीते दिनों प्रदेश के कई पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। ठंड बढ़ने के कारण लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। वहीं दूसरी ओर बर्फबारी के बाद बड़ी संख्या में सैलानी औली, मुनस्यारी, चकराता और अन्य हिल स्टेशनों की ओर रुख कर रहे हैं। इससे स्थानीय होटल कारोबारियों, टैक्सी चालकों और छोटे व्यापारियों के चेहरों पर रौनक देखने को मिल रही है।
उत्तराखंड की तमाम बड़ी खबर LIVE देखने के लिये क्लिक करे
हालांकि, मौसम विभाग की चेतावनी यदि सच साबित होती है तो दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में एक बार फिर जनजीवन प्रभावित हो सकता है। बीते दिनों हुई बर्फबारी के चलते कई इलाकों में सड़कें बंद हो गई थीं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

