खेल

IPL 2022: दमदार टीम के बावजूद पंजाब किंग्स का खराब प्रदर्शन, कहां हो रही है गलतियां?

IPL 2022: IPL मेगा ऑक्शन 2022  खत्म होने का बाद से ही पंजाब किंग्स लगातार चर्चा में बना हुआ था। पंजाब किंग्स को लेकर सभी क्रिकेट एक्सपर्ट्स की राय एक जैसी थी। क्रिकेट के जानकारों का मानना था कि पंजाब के फ्रेंचाइजी ने बेहद सटीक रणनीति के साथ खिलाड़ियों का चयन किया है।  क्रिकेट के सभी एक्सपर्ट्स इस बात पर एकमत थे कि पंजाब ने मेगा ऑक्शन में सबसे बेहतर टीम चुनी है। तो वहीं पंजाब किंग्स की टीम ने भी इस बात को सही साबित करते हुए IPL 2022 की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की थी।

पंजाब ने IPL 2022  के अपने पहले ही मुकाबले में 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल कर दिखा दिया था कि इस बार वह ट्रॉफी जीतने की प्रबल दावेदार है। लेकिन टीम का प्रदर्शन ज्यादा दिनों तक ऐसा नहीं रह सका और  फिलहाल पंजाब की टीम सात  IPL मैच खेलकर महज 3 जीत के बाद प्वाइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर है। ऐसा क्यों हुआ और पंजाब की टीम से कहां चूक हो रही है, इस पर जानिए एक्सपर्ट्स की राय।

महंगे खिलाड़ियों का खराब प्रदर्शन

IPL मेगा ऑक्शन में पंजाब की टीम ने शाहरुख खान (9 करोड़), जॉनी बेयरस्टो (6.75 करोड़) और ओडिन स्मिथ (6 करोड़) को बहुत ज्यादा कीमत देकर खरीदा। लेकिन ये तीनों ही खिलाड़ी अपनी सैलरी के साथ इंसाफ नहीं कर पा रहे हैं। ये तीनों ही खिलाड़ी IPL के इस सीजन में अब तक पूरी तरह से फ्लॉप रहे हैं। पंजाब की टीम क्रिकेटर शाहरुख खान से फिनिशर के रोल की उम्मीद रखती है लेकिन वह मुश्किल से रन जुटा पा रहे हैं। ऑलराउंडर ऑडिन स्मिथ भी पंजाब की उम्मीदों पर बिल्कुल खरे नहीं उतर सके हैं। भानुका राजपक्षा की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जा रहे इंग्लिश बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो भी अब तक एक भी मैच में बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं।

पंजाब की कमजोर गेंदबाजी

पंजाब के पास तेज गेंदबाजी में कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह और वैभव अरोड़ा जैसे गेंदबाज हैं लेकिन इनकी यह तिकड़ी अब तक कोई खास कमाल नहीं दिखा पायी है। पंजाब के लगभग सभी मुकाबलों में इसके गेंदबाजों की अच्छी धुनाई हुई है। स्पिनर राहुल चाहर भी पहले की तरह गेंदबाजी में कमाल नहीं दिखा पा रहे हैं। नतीजा यह हो रहा है कि पंजाब की टीम 180 से ज्यादा रन बनाने के बाद भी विपक्षी टीम को लक्ष्य हासिल करने से नहीं रोक पा रही है।

यह भी पढ़े: पीके के बल पर 2024 में भाजपा को कड़ी टक्कर देगी कांग्रेस !

परफार्मेंस में झलक रही निरंतरता की कमी

IPL  2022 में पंजाब की टीम एक मैच जीतती है तो दूसरा हार जाती है। टीम के प्रदर्शन में लगातार निरंतरता की कमी झलक रही है। पंजाब की यह टीम लगातार दो मैच नहीं जीत पा रही है। खिलाड़ियों में भी लियाम लिविंगस्टोन को छोड़ दें तो बाकी खिलाड़ी भी लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। कप्तान मयंक अग्रवाल हो या पंजाब का कोई भी गेंदबाज हो, इन सभी के प्रदर्शन में निरंतरता नजर नहीं आ रही है।

editorial

editor

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button