ट्रेंडिंगन्यूज़बड़ी खबर

टारगेट किलिंगः शोपियां में दो मजदूरों की हत्या, कन्नौज के रहने वाले थे मृतक, एसडीएम तिर्वा ढाढस बंधाने पहुंचे

शापियां/ कन्नौज। जम्मू कश्मीर के शोपियां में आतंकी हमले में मारे गये दो मजदूरों की हत्या कर दी गयी। आंतकियों द्वारा टारगेट किलिंग के शिकार हुए दोनो मृतक मजदूर यूपी के जनपद कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र के दन्नापुरवा गांव के रहने वाले थे। मृतकों के गांव में उनकी मौत की जानकारी मिलते ही कोहराम मच गया है। एसडीएम तिर्वा मृतकों के परिजनों को ढाढस बंधाने पहुंचे।

जम्मू कश्मीर के शोपियां में लश्कर-ए-तयैबा के आंतकवादियों ने सोमवार की रात को सो रहे दो श्रमिकों पर ग्रेनेड से हमला किया था। इस हमले में दोनों की मौत हो गयी। घटना के बाद जम्मू कश्मीर के एडीजीपी विजय कुमार मौके पर पहुंचे थे। इस घटना में शामिल लश्कर-ए-तयैबा के आंतकवादी इमरान व वशीर को पकड़ा गया है।

मृतक मुनीश की पत्नी पति का मौत पर विलाप करती हुई

मृतकों की पहचान यूपी के कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र के दन्नापुरवा गांव के रहने वाले मुनीश (30) और उसके रिश्ते के चाचा  50 वर्षीय राम सागर (50) के रुप में हुई है। ये दोनों चाचा-भतीजा करीब डेढ़ माह पहले ही मजदूरी करने के लिए कश्मीर गये थे। कश्मीर में ज्यादा मजदूरी मिलने की वजह से वे कश्मीर जाने को राजी हुये थे।

परिवारीजनों का कहना है कि दोनों दीपावली पर घर लौटने की बात कहकर गये थे। आज जब दोनों की मौत की खबर गांव पहुंची तो दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ सा टूट पड़ा। सबसे ज्यादा बुरा हाल मृतक मुनीश की पत्नी का था। वह बार-बार बेसुध हो रही थी। मुनीश की तीन छोटी छोटी बच्चियां हैं। दूसरे मृतक राम सागर की एक बेटी की शादी हो चुकी है। उसके दो पुत्र अभी किशोरावस्था में ही है।

यह भी पढेंःहेलिकॉप्टर क्रैशः केदारनाथ में हेलिकॉप्टर क्रैश होने से कई लोगों की मौत

जम्मू कश्मीर में टारगेट किलिंग के शिकार हुए मृतकों का गांव दन्नापुरवा में गांव एसडीएम तिर्वा पहुंचे। एसडीएम उमाकांत तिवारी ने गांव वालों को बताया कि डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने जम्मू कश्मीर में संबंधित अधिकारियों से बात की है। शोपियां में दोनों का पोस्टमार्टम हो रहा है।

शोपियां में पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव विमान से लखनऊ आएंगे। उसके बाद लखनऊ से शव वाहन के जरिये दोनों शवों को गांव लाकर परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। एसडीएम शासन के नियमानुसार दोनों के परिजनों को ज्यादा से ज्यादा आर्थिक सहायता दिलाने का भी आश्वासन दिया।

news watch india
Team News Watch India

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button